यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का 89 साल की उम्र में निधन दिल्ली के ऐम्स अस्पताल में ली आखिरी सांसे !
नई दिल्ली (न्यूज़ ग्राउंड) आकाश मिश्रा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का आज निधन हो गया. 89 साल के आनंद सिंह बिष्ट का दिल्ली के ऐम्स में इलाज चल रहा था और उनकी हालत गंभीर थी. वह पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे और उन्होंने आज यानी सोमवार सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर अंतिम सांस ली. 15 मार्च को यहां भर्ती किए आनंद सिंह बिष्ट को लिवर से संबंधित परेशानी थी। कई दिनों से हालत गंभीर होने के कारण उनको आइसीयू में रखा गया था। उनकी डायलिसिस भी चल रही थी। उनका पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से सोमवार की रात तक ही उनके पैतृक गांव पंचूर (ठागर) पहुंच पाएगा। अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा। उनके दामाद पूरण सिंह पयाल ने बताया कि पार्थिव शरीर घर पहुंचने के बाद ही आपसी विचार-विमर्श के बाद अंतिम संस्कार का स्थान तय हो पाएगा। संबंधित क्षेत्र के दिवंगत लोगों का अंतिम संस्कार थल नदी के परंपरागत घाट पर ही होता आया है।
रविवार देर रात तक उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था और डायलिसिस भी कराया गया था। जिस समय सीएम योगी को पिता के निधन की सूचना मिली उस वक्त वो टीम- 11 समितियों के अध्यक्षों के साथ कोरोना वायरस की समीक्षा बैठक कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद करीब आधे घंटे तक वो बैठक करते रहे।
प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सरकार के सभी मंत्रियों, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं और भाजपा नेताओं ने सीएम योगी के पिता के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है।
अंतिम संस्कार में नहीं जाएंगे योगी : पिता के निधन पर योगी आदित्यनाथ ने एक पत्र जारी कर कहा कि मुझे इस बात का बहुत दुख है। अंतिम क्षणों में उनके दर्शन की हार्दिक इच्छा थी, लेकिन वैश्विक महामारी के खिलाफ देश की लड़ाई में उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता के हित में आगे बढ़ने के कर्तव्यबोध के कारण मैं ऐसा न कर सका।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन की सफलता और कोरोना को हराने की रणनीति के कारण वो कल अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में भी भाग नहीं ले पाएंगे। इसके साथ ही सीएम योगी ने अपनी मां और परिवारवालों से अपील की है कि वे भी लॉकडाउन का पालन करें और यह सुनिश्चित करें कि अंतिम संस्कार में कम से कम लोग शामिल हों।
फॉरेस्ट रेंजर पद से हुए थे रिटायर : सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह उत्तराखंड के यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते हैं. वे उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर के पद से 1991 में रिटायर हो गए थे. उसके बाद से ही वे अपने गांव में रह रहे हैं.