पोलिथिन और अतिक्रमण किसी भी सूरत में नहीं स्वीकार्य
गोहाना एसडीएम आशीष कुमार ने कहा कि गोहाना को पोलिथिन और अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा, जिसमें दुकानदारों का सहयोग विशेष रूप से अपेक्षित है। पोलिथिन का प्रयोग पर्यावरण के लिए अत्यधिक नुकसानदायक है। इसी प्रकार अतिक्रमण से विभिन्न प्रकार की समस्याएं बढ़ती है। इसलिए पोलिथिन तथा अतिक्रमण किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
पोलिथिन प्रतिबंधित करने व अतिक्रमण हटाने के संदर्भ में विशेष दिशा-निर्देश जारी करते हुए एसडीएम आशीष कुमार ने कहा कि पोलिथिन पर निर्भरता को खत्म करना होगा। पोलिथिन को प्रतिबंधित किया गया है। इसके बावजूद दुकानदार तथा आम जनमानस इसके प्रयोग को छोड़ नहीं रहे हैं। यह बेहद निराशाजनक है। पोलिथिन एक गंभीर खतरा है, जिसके प्रति लोगों को जागरूक होना होगा। इसे नष्ट करना अत्यधिक कठिन है, जिसके चलते इससे नुकसान की आशंकाएं सदैव बनी रहती है। पोलिथिन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माने का प्रावधान विशेष रूप से शामिल है। अतिक्रमण को लेकर भी एसडीएम आशीष कुमार ने कड़े निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न स्थानों तथा बाजारों में अतिक्रमण किया गया है। इसके कारण जाम की समस्या आम बनी रहती है। साथ ही दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ती हैं।