यूपी: फर्रुखाबाद में दारोगा ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर की आत्महत्या !
गोरखपुर (न्यूज़ ग्राउंड ) जसप्रीत सिंह : यूपी के फर्रूखाबाद जिले
में मंगलवार को हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां ड्यूटी पर तैनात
दरोगा ने खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। दरोगा के आत्महत्या करने की सूचना से
पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैल गयी। यह घटना फर्रूखाबाद जिले की है। यहां पुलिस
लाइन के दरोगा तार बाबू तरूण की ड्यूटी मंगलवार को बार्डर पर शाहजहांपुर में थाना
अल्लहगंज के कस्बा हुल्लापुर में लगाई गई थी। वह हुल्लापुर में केंद्रीय
वित्तराज्य मंत्री शिव प्रताप सिंह का इंतजार कर रहे थे। दरोगा तार बाबू को मंत्री
के काफिले को स्कार्ट करना था। इसी बीच दरोगा ने एक पंक्चर की दुकान के अंदर जा कर
खुदको सर्विस रिवाल्वर से गोली मार ली। इससे उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार
दरोगा मूलरूप से फिरोजाबाद के थाना टूंडला के गांव नगला सोना के रहने वाले
थे।दरोगा कुर्सी पर बैठ कर फोन से किसी
से बात कर रहे थे। बात करते-करते वह उठे और एक दुकान के पीछे गए, जहां से कुछ देर बाद
गोलियां चलने की आवाज आई। भाग कर देखा तो तार बाबू खून से लथपथ जमीन पर तड़प रहे
थे। उनको तुरंत लोहिया अस्पताल लाए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गोलियां
उन्होंने कनपटी और सीने में रिवाल्वर सटा कर मारीं। दरोगा के गोली मारने की सूचना
पर एसपी और दूसरे अफसर तुरंत अस्पताल पहुंचे और सिपाहियों से पूरी जानकारी ली। फोन
पर किससे बात कर रहे थे इसकी जानकारी की जा रही है।