भाजपा ने लंबे समय बाद दिल्ली समेत 4 राज्यों में घोषित किए 7 प्रत्याशीयो के नाम , जानिए- किसे-कहां से मिला टिकट !
नई दिल्ली, (न्यूज़ ग्राउंड ) आकाश मिश्रा : लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव-2019 के दिल्ली की चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. रविवार शाम को दिल्ली, यूपी, पंजाब और मध्य प्रदेश की 7 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इनमें चार उम्मीदवार दिल्ली के हैं, जबकि पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तीनों राज्यों की एक-एक सीट पर उम्मीदवार घोषित हुआ है। भाजपा की नई सूची में यूपी की घोसी सीट से हरिनारायण राजभर, मध्य प्रदेश की इंदौर लोकसभा सीट से शंकर लालवानी तो पंजाब की चर्चित अमृतसर सीट पर हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, दिल्ली में 12 मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर ने भाजपा ने दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा की ताजा सूची के तहत उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी, पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा और चांदनी चौक सीट पर हर्षवर्धन को उम्मीदवार बनाया है। इन चारों सीटों पर भाजपा ने अपने मौजूदा सांसदों पर भरोसा जताया है। उधर, पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और नई दिल्ली सीट पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इन तीनों सीटों पर मौजूदा सांसदों का टिकट कट सकता है। आपको बता दें कि दिल्ली में लोकसभा की सात सीटें हैं, जिन पर 12 मई को छठे चरण में मतदान होंगे। इसके लिए 16 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया चल रही है, जो 23 अप्रैल को खत्म होगी। ऐसे में घोषित उम्मीदवारों के पास सिर्फ दो दिन (22 और 23 अप्रैल) बचा है।भारतीय जनता पार्टी ने इससे पहले मध्यप्रदेश के 4 उम्मीदवारों की घोषणा की थी. बीजेपी की इस लिस्ट में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Sadhvi Pragya Singh Thakur) को भोपाल (Bhopal Seat) से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) के खिलाफ टिकट दिया गया था. इसके अलावा सागर से राजबहादुर सिंह, गुना से डॉ. केपी यादव और विदिशा के रमाकांत भार्गव को टिकट दिया है. बता दें कि विदिशा से मौजूदा सांसद सुषमा स्वराज ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है. इस बार कुल सात चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं. पहला चरण 11 अप्रैल को जबकि अंतिम चरण 19 मई को होगा. वोटों की गिनती 23 मई को होगी. इस बार भी ऐसे मतदाताओं की संख्या बड़ी है जो पहली बार वोट डालेंगे. मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में मतदान करनेवालों की संख्या लगभग 90 करोड़ होगी. उन्होंने आगामी चुनाव को लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्योहार बताया. उन्होंने कहा कि इस बार लगभग 10 लाख मतदान केंद्र होंगे, जो 2014 के आम चुनाव में रहे नौ लाख से अधिक है. कुल मतदाताओं में 1.50 करोड़ मतदाता 18-19 साल उम्र के होंगे. उन्होंने कहा, "निर्वाचन आयोग ने चुनाव के लिए एक बहुत ही व्यापक तैयारी की है."